देह व्यापार का भंडाफोड़, चार पीड़ित महिलाओं को कराया गया मुक्त
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य सहयोगियों की तलाश जारी
नागपुर शहर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत अपराध शाखा की यूनिट क्रमांक-1 ने बजाजनगर क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर देह व्यापार के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने स्पा सेंटर का संचालन कर रहे आरोपी अमन नामदेवराव वैद्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चार पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराकर उन्हें आवश्यक कानूनी संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों के संचालन के प्रमाण मिलने पर आरोपी को तत्काल हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 हजार 800 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। जब्त किए गए सामान का कुल मूल्य 84 हजार 830 रुपये बताया गया है।
जांच के दौरान इस अवैध गतिविधि में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य सहयोगियों के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में महिलाओं के शोषण, मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराधों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन शक्ति’ के अंतर्गत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस मामले की विस्तृत जांच बजाजनगर पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या थी और यह गतिविधि कब से संचालित की जा रही थी।











