नागपुर। ऑपरेशन थंडर मुहिम के तहत अपराध शाखा के एंटी नारकोटिक्स दस्ते ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 65 ग्राम एमडी पाउडर सहित कुल 8.80 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस आयुक्त की संकल्पना से चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार तड़के अपराध शाखा की एंटी नारकोटिक्स टीम अजनी थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नरहरी नगर स्थित वास्तु रेसिडेंसी के सामने दो एक्टिवा मोपेड पर सवार चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके पास से 65 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पियुष मारोतराव मलबंडे (30), राहुल संजय गोराडे (36), आर्य शामकुमार गोरेले (23) तथा मनीष सुनील दुर्वे (22) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, दो एक्टिवा मोपेड तथा अन्य सामग्री सहित कुल 8 लाख 80 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने फरार आरोपी प्रतीक किंडले की मदद से यह मादक पदार्थ हासिल किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से एमडी ड्रग्स की बिक्री करने की तैयारी में थे। इस मामले में अजनी पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए अजनी पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपी पियुष मलबंडे के खिलाफ पहले से हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। राहुल गोराडे पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज है। वहीं आर्य गोरेले और मनीष दुर्वे के खिलाफ भी शारीरिक अपराधों तथा आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त रविंद्र कुमार सिंगल, संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) अभिजीत पाटिल के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स दस्ते द्वारा की गई।












