लोकवाहिनी, संवाददाता बोरी-सिंगारदीप में कौशल विकास केंद्र का भूमिपूजन पारशिवनी। तहसील अंतर्गत बोरी (सिंगारदीप) ग्रामीण अंचल के युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की राह दिखाने की दिशा में शनिवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। तहसील के बोरी-सिंगारदीप में जिला खनिज प्रतिष्ठान (2025-26) योजना के अंतर्गत 65 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत अत्याधुनिक ‘कौशल विकास केंद्र’ का भूमिपूजन समारोह सांसद श्यामकुमार बर्वे के हस्ते संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सुनील केदार, पूर्व मंत्री राजेंद्र मूलक, पूर्व जि.प. अध्यक्ष रश्म बर्वे उपस्थित थीं। सांसद श्यामकुमार बर्वे के विशेष प्रयासों से स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी केंद्र की नींव रखते हुए नेताओं ने ग्रामीण प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में गांव के सरपंच, उपसरपंच, ग्राम पंचायत ग्राम सचिव, ग्रापं सदस्य, विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। जिला खनिज प्रतिष्ठान योजना के तहत स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के खुलेंगे नए अवसर ग्रामीणों ने गांव में कौशल विकास केंद्र की सौगात मिलने पर सांसद श्यामकुमार बर्वे और उपस्थित नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। संपूर्ण परिसर में युवाओं के उत्साह और नए विकास पथ के निर्माण को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला। हुनर से संवरेगा युवाओं का भविष्य समारोह को संबोधित करते हुए उपस्थित অতিথियों ने कहा कि वर्तमान दौर कौशल और तकनीकी दक्षता का है। इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के बोरी (सिंगारदीप) क्षेत्र के युवक-युवतियों को विभिन्न आधुनिक ट्रेडों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर सक्षम व कुशल कार्यबल तैयार होगा, बल्कि युवाओं को बड़े शहरों पर निर्भर रहे बिना अपने ही क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर उपलब्ध होंगे।












