शौक पूरे करने के लिए करता था दोपहिया वाहनों की चोरी
नागपुर पुलिस की कळमणा थाना टीम ने वाहन चोरी के मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक्टिवा मोपेड चोरी के चार अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान 20 वर्षीय निलेश छगन देवगडे को हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की चार एक्टिवा दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कळमणा और लकड़गंज थाना क्षेत्रों में लगातार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की पहचान की।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशेष रूप से ऐसी दोपहिया गाड़ियों को निशाना बनाता था, जिनमें लॉक नहीं लगा होता था। वह पहले वाहन को कुछ दूरी तक पैदल धकेलकर ले जाता और फिर उसे लेकर फरार हो जाता था। इसी तरीके से उसने कई वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गलत संगत में पड़ गया था और अपने शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।










