दम घुटने से एक श्रद्धालु की मौत, 120 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
पुरी। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान गुरुवार को भगदड़ जैसे हालात बनने से बड़ा हादसा हो गया। शाम 5 बजे पहांडी रस्म के दौरान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए अचानक लोग रथों के पास जाने लगे। यात्रा रूट पर मौजूद वॉलंटियर लोगों को पीछे हटा रहे थे, तभी लोग एक-दूसरे को धक्का देने लगे, लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच दम घुटने और अफरा-तफरी की स्थिति में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 120 से अधिक श्रद्धालुओं को अस्वस्थ होने के बाद पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर हालात को नियंत्रित किया।
गुरुवार सुबह से ही मंदिर परिसर और ग्रैंड रोड (बड़ा डांड) पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की पारंपरिक ‘पहांडी’ रस्म के दौरान श्रद्धालुओं में दर्शन की होड़ मच गई। इसी दौरान भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिससे कई लोगों का दम घटने लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। पुरी में इस समय तेज बारिश हो रही है। इसके बावजूद 10 लाख से ज्यादा लोग यात्रा रूट पर मौजूद हैं। यात्रा मुख्य मंदिर से 3 किमी दूर बने गुंडीचा मंदिर तक जाएगी। भीड़ के साथ-साथ भीषण गर्मी और उमस ने भी श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अस्पताल पहुंचाए गए अधिकांश लोग दम घुटने, डिहाइड्रेशन और भीड़ के दबाव के कारण अस्वस्थ हुए।













