दमानिया को भी हिरासत में लिया, अमित ठाकरे को रोका, भारी हंगामा
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। शनिवार को दिल्ली में सीजीपी के प्रदर्शन के बाद रविवार को मुंबई में भी सीजीपी ने आंदोलन का आह्वान किया था। शिवाजी पार्क में यह आंदोलन प्रस्तावित था। रात होने के कारण वहां कार्यकर्ता जुटने लगे थे। कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा हो रहे थे। इसलिए पुलिस ने यहां कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। खास बात यह है कि यहां पहुंची सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके चलते फिलहाल शिवाजी पार्क इलाके में हंगामे का माहौल देखने को मिल रहा है। सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है और प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं। इस बीच, शिवाजी पार्क जा रहे मनसे नेता अमित ठाकरे को भी पुलिस ने रोक दिया। मुंबई के दादर शिवाजी पार्क में पुलिस जो कर रही है, वह निंदनीय है। हम मुंबई पुलिस हैं। दिल्ली पुलिस नहीं हैं। हममें फर्क है। मैंने आज तक ऐसा शिवाजी पार्क नहीं देखा। चलते-चलते मुझे भी पुलिस ने रोक दिया, ऐसा उन्होंने कहा। शिवाजी पार्क में जो हो रहा है, वह रोज नहीं चलेगा। हम दिल्ली में नहीं हैं। हममें फर्क है। हम पुलिस का सम्मान करते हैं, पुलिस को दबाव में आकर काम नहीं करना चाहिए, ऐसा इस दौरान अमित ठाकरे ने कहा है।
मनसे नेता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
तनाव के इस माहौल के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता संदीप देशपांडे ने मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। संदीप देशपांडे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दोपहर 12:55 बजे चैत्यभूमी पुलिस चौकी पर शिवाजी पार्क के स्थानीय नागरिकों और नवरात्रि उत्सव मंडलों की एक बैठक बुलाई थी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने इस बैठक में नागरिकों से सीजीपी सदस्यों का विरोध करने और उनसे भिड़ने के लिए कहा तथा उन्हें पुलिस सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। देशपांडे ने सवाल खड़ा करते हुए पूछा, क्या पुलिस की जिम्मेदारी नागरिकों के बीच शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है या फिर उन्हें आपस में ही लड़ाना और भड़काना है? मुंबई में यह राजनीतिक गर्माहट पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ रही है। कल भी मुंबई पुलिस ने मुंबई शहर के विभिन्न हिस्सों से व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए लगभग 400 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। इस कार्रवाई के दौरान जिन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया, उनमें मशहूर बॉलीवुड अभिनेता इमराना खान भी शामिल थे। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों और पुलिस की सख्त नाकाबंदी से मुंबई का माहौल पूरी तरह से गर्मा गया है।
दूसरी ओर अब इसी तरह पुणे में भी पुलिस द्वारा सीजीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त के कथित वोट चोरी मामले को लेकर उनका इस्तीफा मांगा जा रहा है। इसके लिए लोकसभा में विपक्ष के सांसद आक्रामक प्रदर्शन कर रहे थे, तभी शनिवार को सीजीपी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन का आह्वान किया था। इसके बाद सीजीपी का आंदोलन सफल न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार की रिजर्व पुलिस टुकड़ियों ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। इसी पृष्ठभूमि में अब मुंबई के दादर शिवाजी पार्क में भी बड़ा आंदोलन खड़ा न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा एहतियात बरती जा रही है। इसी पृष्ठभूमि में पुलिस द्वारा सीजीपी के प्रदर्शनकारियों की धरपकड़ की जा रही है।












