जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी डॉ. कडू ने विभिन्न गांवों में किया विकास कार्यों का निरीक्षण
लोकवाहिनी, संवाददाता
पारशिवनी। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी डॉ. कडू ने तहसील के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जलसंरक्षण के कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करते हुए किसानों को रबी फसलों के लिए पानी के कुशल प्रबंधन और महिला स्वयं-सहायता समूहों को जैविक कृषि उत्पादों के विपणन हेतु महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
दौरे की शुरुआत में डॉ. कडू ने मौजा केरडी स्थित नाला गहरीकरण एवं अस्तीकरण (लाइनिंग) कार्य का निरीक्षण किया। उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्य से संचित हुए जल का उचित और कार्यक्षम उपयोग कर रबी सीजन की फसलों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। उन्होंने जलसंरक्षण के माध्यम से भूजल स्तर बढ़ाने और कृषि उत्पादकता में वृद्धि करने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। महिला समूह के वनराई बांध और जैविक उत्पादों की सराहना। इसके पश्चात अधिकारियों के दल ने मौजा साटक का दौरा किया, जहां ‘बळीराजा महिला किसान स्व-सहायता समूह’ द्वारा निर्मित वनराई बांधों का निरीक्षण किया गया।
जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी डॉ. कडू ने ‘पानी रोको-पानी सोखो’ अभियान को गति देने के लिए महिला समूह के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। निरीक्षण के दौरान महिला समूह द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न जैविक आदानों (बायो-इनपुट्स) की गुणवत्ता, उपयोगिता और पैकेजिंग की भी समीक्षा की गई। जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी डॉ. कडू ने समूह की महिलाओं को उनके उत्पादों की बाजार में बढ़ती मांग के अनुरूप प्रभावी विपणन (मार्केटिंग) व्यवस्था विकसित करने और उचित बाजारपेठ उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का मंत्र दिया। इस संपूर्ण क्षेत्रीय दौरे का मुख्य उद्देश्य जलसंरक्षण को बढ़ावा देना, रबी फसलों के लिए जल प्रबंधन और महिला समूहों के माध्यम से जैविक खेती के आदानों के उत्पादन व बिक्री को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर तालुका कृषि अधिकारी राकेश बसु, मंडल कृषि अधिकारी नशिर अली सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान और महिला बचत गट की सदस्यएं उपस्थित रहीं।
















