ट्रंप के सामने पीएम मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा
एवियन, एजेंसी
फ्रांस के एवियन में जी7 समिट के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस बैठक में पीएम मोदी ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को बेहद महत्वपूर्ण बताया। यह मुलाकात भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों को फिर से बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि हाल ही में टैरिफ और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास जहाजों पर अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत जैसी घटनाओं से ये रिश्ते प्रभावित हुए थे। मिडिल ईस्ट में में शांति बनाए रखने के ट्रंप की कोशिशों की तारीफ करते हुए, पीएम मोदी ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। 16 महीने बाद अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद पीएम ने कहा, ‘मिस्टर प्रेसिडेंट, आपसे मिलकर खुशी हुई। हम पिछले साल वॉशिंगटन में मिले थे। तब से हमारे रिश्तों में एक नई गति आई है। एक नई ऊर्जा है, हमें खुशी है कि हमारी दोनों टीमों ने मिलकर लक्ष्य तय किए हैं। हम उन लक्ष्यों को हासिल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
■ मोदी बेहद प्रभावशाली और शांत व्यक्ति : ट्रंप
फ्रांस के एवियन में चल रहे जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात सबसे ज्यादा चर्चा में है। समिट के वर्किंग लंच सेशन में ट्रंप ने अचानक पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए उनकी तारीफों के पुल बांध दिए। ट्रंप ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी बेहद शांत, संयमित और बहुत प्रभावशाली हैं। मैं वैसा बिल्कुल नहीं हूं।’ ट्रंप ने इससे पहले भी पीएम मोदी के लिए ‘कूल’ और ‘टोटल किलर’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया है। ‘टोटल किलर’ से अमेरिकी राष्ट्रपति का मतलब पीएम मोदी की नरम छवि के बावजूद सख्त फैसले लेने की क्षमता था।
■ भारत पर हमला हुआ तो हम करेंगे मदद
बैठक के दौरान ट्रंप ने भारत के समर्थन में बड़ा बयान देते हुए कहा कि यदि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री रहते भारत पर कोई हमला होता है तो अमेरिका मदद के लिए खड़ा रहेगा। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब दुनिया के कई हिस्सों में भू-राजनीतिक तनाव बना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत को किसी तरह का सुरक्षा संकट झेलना पड़ता है तो अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा। ट्रंप के इस बयान को भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
■ भारतीयों के शव स्वदेश लाए गए
ओमान में भारतीय दूतावास ने बुधवार को बताया कि एमटी सेटेबेलो जहाज पर अमेरिकी हमलों में मारे गए दो भारतीय नागरिकों के शव भारत वापस लाए गए हैं। दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि शवों को भारत वापस लाया गया है। दूतावास ने एक बयान में कहा, एमटी सेटेबेलो पर हुए हमले में दुखद रूप से जान गंवाने वाले श्री आदित्य शर्मा और श्री शिवानंद चौरसिया के शव भारत वापस लाए गए हैं।











