नागपुर के व्यस्त पंचशील चौक में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खापरी नाका-१ डिपो की ईका इलेक्ट्रिक सिटी बस क्रमांक एमएच ४० डीसी २६०२ को एक अज्ञात टिप्पर वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बस अपने निर्धारित मार्ग पर खापरी डिपो से आपली बस टर्मिनस की ओर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार टिप्पर ने बस के दाहिने अगले हिस्से को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बस के अगले हिस्से, दाहिनी बॉडी और सामने का कांच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस की महिला परिचालक सपना मोटघरे गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं चालक तनवीर अहमद को भी चोटें आई हैं।
बस में उस समय लगभग चार यात्री मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार टिप्पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।










