नागपुर। ताजाबाद परिसर में अंडरग्राउंड ड्रेनेज नेटवर्क की स्थिति खराब बनी हुई है। बरसात से पहले चेंबर और सीवेज लाइन की सफाई को लेकर मनपा प्रशासन को कई बार ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर दर्ज कराई गई है, लेकिन पूरे इलाके से अब तक सीवेज लाइन चोकिंग को लेकर 150 से अधिक शिकायत प्रलंबित बनी हुई है। इतना ही नहीं कई संकरी गलियों वाले इलाकों में चेंबर सफाई के लिए सालों से कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा है। चेंबर में चोकिंग के चलते मेनहोल ओवरफ्लो होने से पूरे इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही है। ऐसे में मनपा की लापरवाही को देखते हुए नगरसेवक शकील पटेल के नेतृत्व में नागरिकों ने खुद चेंबर में उतरकर सफाई की।
वहीं प्रशासन का दावा है कि अंडरग्राउंड ड्रेनेज नेटवर्क के अधिकांश हिस्से अतिक्रमण और इमारतों के निर्माणकार्य के चलते बेहद खराब स्थिति में हैं। इन हिस्सों को अमृत-2 योजना में बदलने का प्रस्ताव बनाया गया है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी मनपा प्रशासन की नींद नहीं खुल रही है, ऐसे में बुधवार को हनुमाननगर जोन अंतर्गत ताजाबाद परिसर में पार्षद व नागरिकों ने सीवर चेंबर में उतरकर गंदगी की सफाई की। इस सफाई आंदोलन का नेतृत्व मनपा में एआईएमआईएम के गुट नेता और नगरसेवक शकील पटेल ने किया। नगरसेवक शकील पटेल ने खुद चेंबर में उतरकर फावड़े से चेंबर के भीतर से मिट्टी और मलबा को निकाला। इस आंदोलन के चलते बरसात पूर्व नाला और चेंबर समेत ड्रेनेज सफाई के दावों की कलई खुल गई है।












